सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत
टांडा-बाजपुर मार्ग पर हुआ हादसा, अपने जीजा को देखने के लिए मसवासी जा रहे थे दोनों भाई
मसवासी (रामपुर)। मसवासी में अपने बीमार जीजा को देखने के लिए जा रहे बाइक सवार दो सगे भाइयों को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। पुलिस ने की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मुरादाबाद के थाना भोजपुर के ग्राम रानी नागल निवासी इंतेजार हुसैन (41) और उनके भाई इम्तियाज हुसैन (33) मसवासी में अपने जीजा जलीस अहमद को देखने के लिए जा रहे थे। बताया जाता है कि जलीस अहमद काफी दिनों से बीमार चल रहे हैं। रविवार को सुबह करीब दस बजे दोनों बाइक से मसवासी आ रहे थे। बाइक इम्तियाज चला रहे थे। इस बीच एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे वो गिर गए और वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनके सिर कुचल गए। हादसे में दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आसपास तमाम राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मसवासी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए नहीं थे। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दी गई। बाद में पुलिस दिलशाद की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ड्राइविंग लाइसेंस से हुई मृतकों की शिनाख्त
मसवासी। हादसे में दोनों भाइयों के शव क्षत विक्षत थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन, शव देख कर शिनाख्त नहीं हो पाई। जिस पर पुलिस को मृतक की जेब से ड्राइविंग लाइसेंस और मोबाइल मिला। मोबाइल से नंबर निकालकर पुलिस ने फोन मिलाया और पास में ड्राइविंग लाइसेंस में लिखे नाम को परिजनों को बताया, तो दोनों की शिनाख्त हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन रोते-बिलखते हुए स्वार पहुंच गए।