शाहबाद। मकान कब्जाने को लेकर दो सगे भाइयों में जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट में दोनों पक्ष की दो महिलाओं और एक युवती समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर किया कर दिया।
ढकिया चौकी क्षेत्र के मधुकर गांव में एक पक्ष के चेतराम पिछले पांच साल पूर्व परिवार सहित पंजाब में मजदूरी के लिए गए थे। आरोप है कि इसी बीच उनके सगे भाई चिरंजी ने उनके मकान पर कब्जा कर लिया, जिसको लेकर आए दिन विवाद हो रहा था। बृहस्पतिवार सुबह को यह विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, उसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए। इस मारपीट का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं मामले की शिकायत लेकर दोनों पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे। इस मारपीट में एक पक्ष के चिरंजी की पत्नी कस्तूरी घायल हुई है। वहीं दूसरे पक्ष के तेजराम इनकी पत्नी मुन्नी और इनकी बेटी रुपाली गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि दोनों पक्ष की ओर से तहरीर मिल गई है, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।