शाहबाद। ढकिया चौकी क्षेत्र में आंवला रोड स्थित रमपुरा मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक मासूम समेत छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ढकिया चौकी क्षेत्र के भोरकी जदीद गांव निवासी सोहन लाल अपनी पत्नी मीना के साथ बाइक से शाहबाद आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर संभल जनपद के थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के आलमपुर कन्हैया गांव निवासी साकिब अली अपनी बहन फिरदौस, दूसरी बहन सोमिया (2) और रिश्तेदार गुड़िया के साथ सवार थे।
बताया जा रहा है कि सभी लोग बरेली के दस्तमपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी सीएचसी पहुंच गए।