सैफनी। घरेलू कलह के बीच पत्नी को मायके छोड़ने आए एक ट्रक चालक ने ससुराल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना भोट क्षेत्र के पजाबा गांव निवासी 28 वर्षीय सद्दाम की करीब तीन वर्ष पहले थाना सैफनी क्षेत्र के खरसौल गांव निवासी आशिया से शादी हुई थी। दोनों का दो वर्षीय बेटा है। बताया गया कि परिवार में किसी बात को लेकर विवाद होने पर सद्दाम बृहस्पतिवार को पत्नी आशिया को उसके मायके छोड़ने आया था।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के समय घर की महिलाएं नमाज अदा कर रही थीं, जबकि ससुर मस्जिद गए हुए थे। इसी दौरान सद्दाम ने बैठक में छत के पंखे से अंगोछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। नमाज के बाद जब पत्नी बैठक में पहुंची तो पति को फंदे से लटका देखकर चीख पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी सर्वेंद्र सिंह ने बताया कि चौकीदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।