रामपुर। मंगलवार को भी जिलेभर में दिनभर रुक-रुक बारिश होती रही। दो दो दिन में हुई 132 मिमी बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। बारिश से नगर से लेकर देहात तक सड़कों पर जलभराव हो गया। घाटमपुर की सड़क पर बारिश से रास्ता ही ब्लॉक हो गया। साथ ही तेज हवा की वजह से जगह-जगह हाईटेंशन लाइनों पर पेड़ गिरने की वजह से बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर में कचहरी रोड, शौकत अली रोड, आवास विकास, पहाड़ी गेट, कांशीराम कॉलोनी, चादरवाला बाग, इमामबाड़ा, मुरादाबाद रोड समेत कई इलाकों में जल भराव की समस्या भी हो गई। बिजली की लाइनों में फाल्ट गहो गए। शाहबाद गेट, ज्वालानगर, नादर बाग, स्टार चौराहा, शौकत अली रोड की तरफ रात को शट डाउन लिया गया था, जिससे मोहल्लों में अंधेरा हो गया।
मिलक क्षेत्र में हुई बारिश ने क्षेत्रवासियों को रतजगा करा दिया। यहां पर भैसोड़ी क्षेत्र में तेज हवाओं से गिरे पोल से कई इलाके के तार टूट गए। रात को तार टूटने से यह इलाका अंधेरे में डूबा रहा, जिससे रात भर लोग करवटें बदलते रहे। वहीं स्वार-टांडा क्षेत्र में बारिश और तेज हवाओं से दो पेड़ गिर गए, जिससे जर्जर तार टूट गए, जिसमें सोमवार शाम पांच से रात 12 बजे तक सप्लाई बाधित हो गई। सुबह तक बिजली सप्लाई नहीं आ सकी।
इसके अलावा शाहबाद, बिलासपुर, सैदनगर, टांडा, केमरी, दढि़याल और घाटमपुर इलाके में जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा। घाटमपुर में जलभराव से एक सड़क ब्लॉक हो गई, जिससे लोगों का निकलना भी दूभर हो गया।