रामपुर। आईआईए की बैठक में उद्योगपतियों ने आयकर के स्लैब में बदलाव करने की मांग उठाई है। कहा कि आयकर में 20 लाख तक की छूट की सीमा को बढ़ाया जाए।
बरेली रोड स्थित एक होटल में हुई बैठक में आईआईए के चेयरमैन श्रीष गुप्ता ने प्रस्ताव दिया कि अब उपभोक्ता सभी सेवाओं पर जीएसटी की ऊंची दरों का भुगतान कर रहा है। जीएसटी से सरकार को भारी टैक्स प्राप्त हो रहा है। इसलिए आयकर के स्लैब बढ़ाए जाने चाहिए। इसके साथ 20 लाख की सीमा तक छूट बढ़ाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आम जनता की क्रय शक्ति घट रही है। इससे उपभोक्ता की मांगों में कमी आ रही है और बाजार में ग्राहक कम हो रहे हैं। मध्यम श्रेणी का उद्योग वैसे ही माॅल कल्चर, ऑनलाइन सेल की वजह से कराह रहा है। मध्यम दर्जे के उद्योग बंदी के कगार पर हैं। बाजार पर बड़ी कंपनियों का कब्जा बढ़ रहा है। छोटे उद्योग भी बंद होने के कगार पर हैं।
बैठक में जीएसटी सरलीकरण की मांग भी उठी। बताया कि जीएसटी कानून ने उद्योगों को उलझाकर रख दिया है। उद्योगपतियों ने आशा की है कि नववर्ष उद्योगों के लिए नई सौगात लेकर आएगा। इससे देश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और लोगों को रोजगार प्रदान करेगा।
बैठक में उद्योगपति एसके गुप्ता, रमेश अग्रवाल, रम्मी, राजू गुप्ता, मनोज गर्ग, राम रक्षपाल यादव, विनय बंसल, आदर्श अग्रवाल, मनोज गुप्ता, उमेश अग्रवाल, अजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।