आयकर विभाग का नोटिस मिलने के बाद व्यापारी भड़क गए। उन्होंने आयकर विभाग पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि अगर आयकर विभाग ने अपना रवैया नहीं बदला तो व्यापारी आंदोलन करेंगे।
आयकर विभाग से तमाम लोगों को नोटिस मिले हैं उनमें व्यापारी भी शामिल हैं। नोटिस जारी कर जमीन की खरीद फरोख्त और बैंक से लेनदेन का हिसाब मांगा है। इसके विरोध में व्यापारियों ने हरिहर की धर्मशाला में हुई उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल बैठक में यह मुद्दा उठाया। व्यापारियों का कहना था कि आयकर विभाग लगातार व्यापारियों को नोटिस भेजकर हिसाब मांगरहा है जबकि, नोटबंदी से व्यापारी पहले ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
व्यापारियों का कहना था कि आयकर विभाग व्यापारियों में खौफ पैदा कर रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि किसी भी हालत में आयकर विभाग को व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं करने दिया जाएगा। आयकर विभाग नए शासनादेश की आड़ में पुराने नोटिस भी जारी कर रहा है। आयकर व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी परेशान कर रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर आयकर विभाग ने अपना रवैया नहीं बदला तो आंदोलन किया जाएगा। साथ ही ज्यादा से ज्यादा मतदान करने का संकल्प भी दिलाया। बैठक में अजय गुप्ता, विशाल सैनी, शाहिद अली, शुएब मोहम्मद खां, शाकेब अहमद, विजय अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, नबी अहमद, इमरान भी थे।