भोट (रामपुर) थाना क्षेत्र के एक गांव में एक ठग ने दुष्कर्म पीड़ित महिला से दो हजार रुपये की मांगे। ठग ने महिला को फोन कर बोला मैं एसपी ऑफिस रामपुर से बोल रहा हूं। तुमने थाना भोट में अपने जेठ के ऊपर दुष्कर्म का मुकदमा लिखवाया है।
अगर तुम अपने जेठ को गिरफ्तार कराकर जेल भेजना चाहती हो तो तुम्हें दो हजार रुपए ऑनलाइन भेजने होंगे। जिसके कुछ समय के बाद दूसरे ठग ने कॉल करते हुए कहा कि वह भोट थाना प्रभारी बोल रहा है। अगर आप आरोपियों को सजा दिलाना चाहती हो तो आपको कुछ खर्च करना पड़ेगा। गनीमत रही की पीड़ित महिला ने पैसे नहीं भेजे। वहीं पीड़िता के पिता ने बताया कि करीब एक माह पहले भी उनके साथ धोखाधड़ी हो चुकी है, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह पुलिस अधिकारी बात कर रहा है। तुम्हारा नाम एक मुकदमे में आ गया है। पुलिस तुम्हें पकड़ने आ रही है अगर तुम बचना चाहते हो तो तुरंत पैसे ऑनलाइन कर दो। जिसके बाद उन्होंने पुलिस कार्रवाई के डर की वजह से 21 सौ रुपये भेज दिए थे। फ्रॉड करने का या नया तरीका चल रहा है। फ्रॉड करने वाले लोग यूपी कॉप एप व अन्य किसी भी माध्यम से थानों में दर्ज हुई एफआईआर से वादी का फोन नंबर निकालकर उन्हें कॉल करके अपने आप को अधिकारी बताकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कहकर ऑनलाइन पैसे भेजने की डिमांड करते हैं। मामले में एएसपी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि ठगों ने पैसों ऐंठने के लिए नए हथियार अपनाए हैं, जिससे बचने के लिए लोगों को जागरूक होना होगा।