रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल में लगी बैटरी चोरी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों के कब्जे से एक पिकअप, पांच बैटरी और तमंचे के साथ कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी उजैर शमसी का पटवाई रोड़ पर एक स्कूल है। उजैर शमसी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि स्कूल में लगे पांच बैटरी लगी थी। जिनको 23 जनवरी की रात को चोरों ने चोरी कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इसके बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई। वहीं, मंगलवार को सिविल लाइंस पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग टाटा पिकअप में चोरी को सामान लेकर अजीतपुर की ओर जा रहे है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अजीतपुर रोड़ पर चेकिंग शुरु कर दी। इस बीच एक टाटा पिकअप को पुलिस ने रोक लिया। टाटा पिकअप के अंदर तीन लोग सवार थे। इस दौरान पुलिस ने तलाशी लेने पर टाटा पिकअप के अंदर रखी पांच बैटरी और तीन तमंचे-कारतूस बरामद कर लिए। सिविल लाइंस थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि बिलारी निवासी अरुन, बॉबी और राहुल को गिरफ्तार किया गया है। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।