पटवाई (रामपुर)। पटवाई थाना क्षेत्र में दहेज के लिए विवाहिता को फंदे पर लटकाकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
केमरी थाना क्षेत्र के चकिया हयातनगर गांव निवासी पूरनलाल ने अक्तूबर में अपनी बेटी रेखावती (21) की शादी पटवाई थाना क्षेत्र के बहपुरा गांव निवासी सतीश के साथ की थी। आरोप था कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग करते थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ित करते थे। आरोप लगाया था कि दहेज की मांग पूरी न होने पर रेखावती को फंदे पर लटका दिया था। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
सूचना पर रेखावती के पिता पूरनलाल परिवार सहित बहपुरा गांव पहुंच गए थे और हत्या करने का आरोप लगाने लगे थे। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था। बाद में पटवाई पुलिस ने पूरनलाल की तहरीर के आधार पर सतीश, रामऔतार, ऊदल, नन्नी, दुर्गा और सीमा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की ली थी।
वहीं, शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में विवाहिता के पति सतीश, ससुर ऊदल और सास नन्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया और जेल भेज दिया हैं। पटवाई थाना प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि 24 घंटे के अंदर ही दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं।