रामपुर। थाना मिलकखानम क्षेत्र के पीपली वन में 26 फरवरी को हुई उत्तराखंड निवासी सेठ सिंह उर्फ सेठा (35) की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया है।उत्तराखंड के जिला ऊधमसिंह नगर के केलाखेड़ा थाना क्षेत्र के रम्पुरा काजी गांव निवासी सेठ सिंह उर्फ सेठा 25 फरवरी को अपने घर से कुछ साथियों के साथ जंगल से लकड़ी लेने की बात कहकर निकला था। उसके बाद साथी तो वापस आ गए थे, लेकिन सेठा घर नहीं लौटा। उसकी गुमशुदगी की सूचना केलाखेड़ा पुलिस को देकर तलाशी शुरू की गई थी। तब पीपलीवन में उसका गोली लगा शव पड़ा मिला था।
मिलकखानम पुलिस ने हत्या की विवेचना की तब कुलवंत सिंह उर्फ काका निवासी गुलाब सिंह का मझरा रम्पुरा काजी थाना केलाखेड़ा, आसिम निवासी मझरा मर्दान थाना गदरपुर और इरफान अली निवासी कनकटा थाना गदरपुर जिला ऊधमसिंह नगर के नाम सामने आए। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को पदमपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि आरोपियों ने चोरी की लकड़ी के बंटवारे के विवाद में हत्या की थी। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।