रामपुर। मसवासी क्षेत्र में चोरों ने मंगलवार रात संविदा बिजलीकर्मी के घर को निशाना बना लिया। मकान के पीछे की दीवार फांदकर घुसे चोर कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर करीब 10 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान समेट ले गए। बुधवार सुबह चोरी का पता चलने पर परिवार में खलबली मच गई।
मसवासी क्षेत्र के गांव खौदकलां निवासी हरजीत सिंह संविदा बिजली कर्मी हैं। मंगलवार रात परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर मकान के पीछे की दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गए।
चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखी नकदी व जेवर निकाल लिए। चोर सोने का हार, सोने का टीका, चांदी का गुच्छा, चांदी की अहोई की माला और हाथ घड़ी समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए।
बुधवार सुबह परिजनों की नजर कमरे में बिखरे सामान पर पड़ी तो चोरी का पता चला। कुछ ही देर में घटना की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को हुई और मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई। पीड़ित हरजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि देर शाम तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
सीओ सोनम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।