रामपुर। रसोई गैस की कथित किल्लत के बीच शहर विधायक आकाश सक्सेना ने अफसरों और गैस एजेंसी संचालकों के संग बैठक की। रामपुर सेवक कार्यालय में हुई बैठक में अधिकारियों ने बताया कि गैस आपूर्ति में कोई कमी नहीं है।
एजेंसी संचालकों ने विधायक को बताया कि कंपनी से भरपूर आपूर्ति मिल रही है। दिक्कत सिर्फ उन लोगों को हो रही है जिनके पास वैध कनेक्शन नहीं है या केवाईसी अधूरी है। विधायक ने साफ किया कि किसी भी वैध उपभोक्ता को गैस आपूर्ति में परेशानी नहीं होगी।
विधायक ने एजेंसी संचालकों को समय पर सिलिंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पूर्ति विभाग के अधिकारियों को सप्लाई व्यवस्था की लगातार निगरानी के लिए कहा गया। ईद को देखते हुए अतिरिक्त गैस व्यवस्था की गई है।
विधायक ने लोगों से रसोई गैस की कमी की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। बैठक में डीएसओ पूरन सिंह, एजेंसी संचालक अमित दिवाकर, शादाब खां, सुबोध अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।