सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में चोर हाईवे किनारे स्थित दो दुकानों को निशाना बनाकर वहां से करीब 70 हजार का माल समेट कर ले गए। दिन निकलने पर चोरी का मामला पता चलने पर व्यापारी मौके पर पहुंच गए। हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया। उसके बाद मामला शांत हो सका।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के विजय वाली गली निवासी नरेश कुमार शर्मा के दो बेटों ने पनवड़िया के पास शर्मा ट्रेडर्स व शर्मा डेन्टल क्लीनिक के नाम से दुकानें हैं। दोनों रोजाना की तरह दुकानें बंद करके घर चले गए थे। आधी रात के बाद चोर दोनों दुकानों को निशाना बनाकर वहां से करीब सत्तर हजार का माल समेट कर ले गए। दिन निकलने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने के बाद दुकान स्वामी भी आ गए। तभी उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप सोनी मौके पर पहुंच गए। आए दिन हो रही चोरियों की वारदातों को लेकर हंगामा किया। उसके बाद व्यापारी सिविल लाइंस थाने पहुंच गए जहां इंस्पेक्टर से आए दिन हो रही चोरियों की वारदातों को लेकर काफी नाराजगी जाहिर की।
चौबीस घंटे के अंदर खुलासे का आश्वासन देने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इस मौके पर सोनी आहुजा,मोहन अरोड़ा, शोएब खां, सतपाल, वेद प्रकाश गोयल, विजय अग्रवाल, प्रमोद आदि मौजूद रहे।