रामपुर। जिला अस्पताल में पुरुष वार्ड की अल्ट्रासाउंड मशीन दो दिन से खराब है जिसके कारण मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मशीन के मॉनीटर में तकनीकी खराबी के कारण अब तक 100 से अधिक मरीज बिना जांच कराए लौट चुके हैं।
विज्ञापन
अस्पताल प्रशासन ने मशीन के बाहर ''मशीन खराब है'' का बोर्ड लगा दिया है। मरीजों को अस्थायी तौर पर महिला अस्पताल भेजा जा रहा है, लेकिन वहां भी भीड़ अधिक होने के कारण समस्या बनी हुई है। बताया जा रहा है कि मशीन के पार्ट्स मेरठ से मंगाए जा रहे हैं और जल्द ही इसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएमएस डॉ. बृजेश चंद्रा ने बताया कि मशीन की खराबी को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत न होने दी जाएगी और अल्ट्रासाउंड सेवा शीघ्र ही पुनः शुरू हो जाएगी। इस बीच, मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।