रामपुर। किसानों के लिए आया बीज जलाने का मामला शासन तक पहुंच गया है। शासन ने इसको लेकर जांच भी बैठा दी है। एक उद्यान निरीक्षक व दो कर्मचारियों के निलंबन की संस्तुति के बाद शासन ने इस प्रकरण की जांच कराने का फैसला लिया है। हालांकि अब भी उद्यान अधीक्षक चुप्पी साधे हुए हैं।
उद्यान विभाग का किला परिसर में दफ्तर है। यहां पर नर्सरी भी है। विभाग की ओर से बागवानी में इस्तेमाल होने वाले बीजों की बिक्री किसानों के लिए की जाती है। शुक्रवार को किसानों के लिए आए सरकारी बीज को जला दिया गया था। बीज जलाए जाने पर किसानों ने नाराजगी जाहिर की थी।
डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद आनन-फानन में देर शाम राजकीय उद्यान अधीक्षक अजय कुमार ने इस मामले में उद्यान निरीक्षक बृजमणि गहलौत व दो अन्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कार्रवाई करने की संस्तुति कर दी थी।
प्रारंभिक जांच में इन दोनों अफसरों की जिम्मेदारी तय की गई थी। उद्यान अधीक्षक की ओर से इस पूरे मामले की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक अब शासन से भी जांच की जाएगी। इसके लिए उद्यान विभाग की ओर से टीम गठित की जा रही है।
उद्यान अधीक्षक ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली है। हालांकि उन्होंने इस बात को जरूर स्वीकार किया कि जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। अब शासन स्तर से ही आगे की कार्रवाई होगी।