रामपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा में अभ्यर्थियों को परीक्षा में काले बाल पेन का प्रयोग करना होगा। जेल पेन का प्रयोग ओएमआर सीट भरते समय नहीं किया जा सकेगा। बगैर प्रवेश पत्र और फोटो युक्त पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
जिले में 28 नवंबर को 23 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में 13636 अभ्यर्थी शिक्षक पात्रता परीक्षा देंगे। परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार परीक्षा कक्षों को सैनिटाइज किया गया। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। परीक्षा कक्षों में अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान बैठाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा गया है। शनिवार को केंद्रों पर सीटिंग प्लान भी तैयार किया गया। परीक्षा केंद्रों से दो किलोमीटर दूरी तक की फोटो स्टेट मशीनों की दुकानें बंद रहेंगी। शनिवार को अफसरों के साथ जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षकों और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।