रामपुर। सालों से बदहाल पड़ी औद्योगिक क्षेत्र की चार सड़कों में से अब तक सिर्फ एक ही सड़क की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो सकी है। जबकि तीन सड़कों में सिर्फ एक-एक टेंडर आया था।नियमानुसार इसे फाइनल नहीं किया जा सकता। इसके बाद अब नगर पालिका की ओर से नए सिरे से फिर टेंडर मांगे जाएंगे। पालिका अफसरों का दावा है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर एक सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा।
जिले का औद्योगिक क्षेत्र रोशन बाग बड़ा एरिया है। इसी क्षेत्र में अधिकांश मेंथा उद्योग, स्टेशनरी, बर्फ आदि से संबंधित उद्योग स्थापित हैं। जिला उद्योग केंद्र का दफ्तर भी इसी क्षेत्र में है। किंतु, इसके बाद भी क्षेत्र की सड़कों की दशा काफी दयनीय है। जिला उद्योग केंद्र की रोड तो पूरी तरह से ऊबड़ खाबड़ हो गई है। स्थिति यह है कि रात के अंधेरे में कोई पैदल भी इस मार्ग से गुजर जाए तो उसके गिरने की संभावनाएं काफी अधिक रहती हैं। इसके अलावा व्योम ट्रेडर्स से सहकारी मुद्रण को जाने वाला मार्ग, राजीव अग्रवाल के मकान तक जाने वाला मार्ग और सहकारी मुद्रण का मुख्य सीसी रोड बदहाल है। काफी समय से लोग इन सड़कों के निर्माण की मांग कर रहे थे, लेकिन इसके बाद भी निर्माण नहीं हो पा रहा था। जिसके बाद पिछले साल जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सड़कों के निर्माण के आदेश दिए थे।
लिहाजा, नगर पालिका की ओर से सड़कों के टेंडर मांग लिए गए थे। लेकिन पहले विधानसभा चुनाव की आचार संहिता की वजह से टेंडर नहीं खोले जा सके। जिसके बाद मार्च माह में डीएम ने फिर निर्देश जारी किए। नगर पालिका के अफसरों की माने तो उन्होंने चारों सड़कों के टेंडर निकाले थे। जिसमें सड़कों का निर्माण इंटरलॉकिंग पद्धति से होना था। किंतु सिर्फ एक सड़क का टेंडर हो सका। 28.36 लाख रुपये की लागत से बनने वाली बिग्गीज पिज्जा से राजीव अग्रवाल के मकान तक मार्ग का निर्माण होगा। बाकी तीनों सड़कों के लिए सिर्फ एक-एक टेंडर आया था। नियमानुसार इन्हें फाइनल नहीं किया जा सकता। लिहाजा, अब तीनों सड़कों के टेंडर दोबारा मांगे जाएंगे।