बिलासपुर। पुआल भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने एक टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया और टेंपो के पास खड़ा एक व्यक्ति घायल हो गया। बाद में लोगों ने भाग रहे ट्रैक्टर ट्रॉली चालक को पकड़ लिया।
नगर से सटे ग्राम नगरिया कला निवासी खालिद टेंपो चलाते हैं। खालिद के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह नगर में केमरी तिराहे के पास सवारी उतार रहे थे। आरोप है कि केमरी की ओर से आ रहे पुआल भरे ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने पीछे से टेंपो में टक्कर मार दी।
टक्कर के दौरान टेंपो के पास खड़े सुनील कुमार निवासी ग्राम खेमपुर थाना केमरी घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी और तीन बच्चे बाल-बाल बच गए। टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली समेत भागने लगा, जिसे लोगों ने पीछा कर ग्राम मुल्लाखेड़ा में पकड़ लिया।
गरीब कल्याण संघ अध्यक्ष प्रेम नरेश वाल्मीकि ने बताया कि कुछ सभ्रांत लोगों ने दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते की पहल की है। इस कारण घटना की कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।