दढ़ियाल। मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद शारदा नदी के तेज बहाव में बहने वाले क्षेत्र के ग्राम निवासी किशोर का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका है। परिजन खाली हाथ घर लौट आए। टनकपुर पुलिस ने परिजनों को किशोर की सूचना फोन से देने का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार की रात ग्राम सरकथल सहित आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं का जत्था दो बसों में सवार होकर मां पूर्णागिरि देवी के दर्शन के लिए गया था। जत्थे में सरकथल निवासी 17 वर्षीय किशोर रवि कुमार पुत्र बाबूराम भी शामिल था। शनिवार सुबह सभी श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद टनकपुर थाने की बूम चौकी क्षेत्र में खड़ी बसों के पास लौट आए थे। इस दौरान रवि कुमार अपने कुछ साथियों के साथ पास में बह रही शारदा नदी में स्नान करने लगा और नदी के तेज बहाव में बह गया। रवि को नदी में बहता देख उसके साथियों और अन्य श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। सूचना पर टनकपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से नदी में रवि को तलाश किया गया, लेकिन असफलता हाथ लगी।
देर शाम सरकथल गांव से रवि के पिता सहित ग्रामीण और परिजन टनकपुर पहुंच गए और पुलिस से रवि को तलाश करने को कहा। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि वह रवि की तलाश जारी रखेंगे और मिलने पर उन्हें फोन से सूचना दे देंगे।