रामपुर। सपा नेता आजम खां की पत्नी और पूर्व सांसद डॉ. तजीन फात्मा ने रामपुर से सपा से चुनाव जीतने वाले मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि मौलाना नदवी को जेल जाने का ज्यादा तजुर्बा है। तभी वह इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने नदवी को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें इस तरह के बयान से बचना चाहिए।रामपुर लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी ने आजम खां से जेल में मिलने जाने के जवाब में कहा था कि जेल सुधारगृह है। जेल में कैदियों को सुधारा जाता है। उन्होंने कहा था कि आजम खां के लिए बस दुआ ही की जा सकती है। उनके इस बयान के बाद आजम खान के समर्थक भड़क गए हैं।
मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी के बयान की आलोचना की जा रही है। मुरादाबाद की सपा सांसद रुचिवीरा ने भी नदवी के इस बयान की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि मोहिब्बुल्लाह राजनीति में अपरिपक्व हैं।
बृहस्पतिवार को इस मामले में सपा नेता आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा ने भी मोहिब्बुल्लाह पर निशाना साधा। उन्होंने पहले मोहिब्बुल्लाह को जीत की बधाई दी और फिर उनके बयान पर ऐतराज जताया। कहा कि मुझे लगता है कि मोहिब्बुल्लाह को जेल जाने का काफी तजुर्बा है और वह जेल जा चुके हैं। तभी वह इस तरह की बातें कर रहे हैं।
दूसरी ओर रामपुर से निर्दलीय प्रत्याशी व सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता महमूद प्राचा ने भी नदवी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब मौलाना मोहिब्बुल्लाह जेल जाएंगे तो उन्हें छुड़ाने कौन-कौन जाएगा। बृहस्पतिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बुलावे पर मौलाना नदवी दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके इस बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। वो आजम खां की काफी इज्जत करते हैं।