स्वार/मिलक खानम। पीपली वन क्षेत्र में बृहस्पतिवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे गश्त के दौरान पुलिस और वन विभाग की टीम पर तस्करों ने हमला कर दिया। तस्करों की फायरिंग में वन दरोगा और फॉरेस्ट गार्ड घायल हो गए। हाथापाई में वन कर्मियों के कपड़े फट गए। इस दौरान वन विभाग की टीम ने एक तस्कर को दबोच लिया। दूसरा तस्कर भागने में सफल रहा। मौके से खैर की लकड़ी और एक बाइक बरामद हुई।
वन रेंजर रमाकांत सक्सेना ने बताया कि बृहस्पतिवार को वन दरोगा अतुल कुमार और फॉरेस्ट गार्ड शिवम पीपली वन क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान एक बाइक पर खैर की लकड़ी ले जाते तस्कर दिखाई दिए। तस्करों को ललकारने पर वह रुक गए और उन्होंने वनकर्मियों से हाथापाई शुरू कर दी।
आरोप है कि इस दौरान तस्करों ने वनकर्मियों के कपड़े फाड़ दिए। वनकर्मियों ने एक तस्कर को दबोच लिया तब दूसरे तस्कर ने तमंचे से कई राउंड फायर किए। दरोगा अतुल कुमार और फॉरेस्ट गार्ड शिवम घायल हो गए। इसके बावजूद एक तस्कर उनके कब्जे में रहा। उसका साथी तस्कर भागने में सफल हो गया।
तस्करों और वनकर्मियों के बीच दिनदहाड़े हुए जानलेवा हमले से वन विभाग में खलबली मच गई। सूचना मिलने पर अन्य वनकर्मी आ गए और उन्होंने फरार तस्कर की तलाश में कांबिंग की लेकिन तब तक दूर भाग चुका था।
वन रेंजर रमाकांत सक्सेना ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान वन विभाग की टीम ने मौके से तस्करों की एक बाइक बरामद की है। इसके अलावा पीपली वन से काटकर ले जाई जा रही खैर की लकड़ी भी बरामद की है।
घायल दरोगा और फॉरेस्ट गार्ड का सीएचसी में उपचार
मुठभेड़ में दरोगा और फॉरेस्ट गार्ड के घायल होने की जानकारी मिलने पर वन कर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को लेकर सीधे स्वार सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां दोनों का उपचार किया गया।
पकड़ा गया तस्कर चंदेला गांव का हरेंद्र
मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया तस्कर कोतवाली बिलासपुर गांव चंदेला निवासी हरेंद्र बताया गया है। रेंजर ने बताया कि उसे मिलक खानम पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस उससे भागने में सफल रहे साथी तस्कर के बारे में पूछताछ कर रही है। मुठभेड़ के संबंध में अभी वन विभाग की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। रेंजर ने बताया कि फरार तस्कर की शिनाख्त करने के बाद तहरीर दी जाएगी।
-
पीपली वन में चंदेला गांव के परमजीत की हो चुकी है हत्या
स्वार। पीपली वन क्षेत्र की बीट संख्या 11 में 12 जनवरी को युवक का गोली लगा शव मिला था, जिसकी पहचान बिलासपुर के गांव चंदेला गांव निवासी 47 वर्षीय परमजीत सिंह उर्फ पम्मी के रूप में हुई थी। उसकी मां कृष्णा ने बताया था कि 10 जनवरी को उधमसिंह नगर निवासी अपने परिचित फूला सिंह के बुलाने पर घर से गया था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। 12 जनवरी को उसका शव जंगल में मिला, जिस पर गोली के निशान थे। तस्करों के बीच गैंगवार चलते हत्या माना गया था। इस मामले में कई तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। संवाद
-
बीते तीन माह में हुईं प्रमुख घटनाएं
स्वार। मिलकखानम के संरक्षित पीपली वन में आमतौर पर रोजाना ही अवैध कटान की छिटपुट घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जनवरी से लेकर मार्च तक अवैध कटान और मुठभेड़ आदि के कई बड़े मामले हुए हैं। पांच जनवरी को अंबरपुर बीट में अवैध कटान की बड़ी घटना हुई थी। 15 फरवरी को पीपली वन से काटी गई लगभग सो चार सौ क्विंटल खैर की लकड़ी पंजाब से बरामद हुई थी। 28 फरवरी को इस मामले में तस्करों को कथित तौर पर पैसा लेकर कुछ तस्करों को छोड़ने के आरोप में तत्कालीन रेंजर विजय कुमार को निलंबित कर दिया था। संवाद