अपने तीन अन्य साथियों के साथ पीलाखार नदी में नहाने आया एक छात्र गहरे पानी में चलने की कोशिश में डूब गया। पुलिस गोताखारों की मदद से उसे खोज रही है, लेकिन वह नहीं मिल सका है।
रामपुर के मोहल्ला बाग चादरवाला निवासी अख्तर अली का पुत्र अयाज 18 वर्ष रामपुर के मुर्तजा इंटर कालेज में कक्षा 12 में पढ़ता है। शनिवार की शाम साढ़े चार बजे वह अपने दोस्तों तारिक, राजा, इशहाक के साथ बाइकों से केमरी की पीलाखार नदी पर नहाने आया था। पुलिस के मुताबिक, नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया। इसके कारण वह डूब गया। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का काफी कोशिश की, लेकिन वह उनकी पकड़ में नहीं आया।
युवकों ने नदी से बाहर निकलकर राहगीरों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर केमरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से छात्र को खोजना शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक छात्र बरामद नहीं हो सका था। सूचना पर परिजन भी विलाप करते हुए मौके पर पहुंच गए।