रामपुर। गंज थाना क्षेत्र में साइकिल सवार कक्षा सात के छात्र का कार सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने छात्र के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर धमकाते हुए सड़क किनारे फेंक दिया। बाद में छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपहरण और दुष्कर्म का यह मामला गंज थाना क्षेत्र की फ्रूट मंडी के पास का बताया गया है। घटना 17 अक्तूबर की बताई गई है। गंज थाने में छात्र के पिता की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार उसका 15 वर्षीय पुत्र सातवीं का छात्र है। 17 अक्तूबर को छात्र साइकिल से फ्रूट मंडी जा रहा था।
डिग्री कॉलेज रोड पर पहुंचने पर एक स्कॉर्पियो कार में सवार हुरैरा, खालिद, जैद, अली पुत्र रईस अहमद उर्फ खान आढ़ती और नोमान पुत्र परवेज ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। सभी आरोपी मोहल्ला बुढ़िया की दुकान, थाना गंज के निवासी हैं। छात्र के पिता ने आरोप लगाया कि कार में पांचों लड़कों ने उसके बेटे के साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर छात्र के साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद आरोपियों ने छात्र को ठंडी सड़क पर फेंक दिया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। उसी समय पीछे से आ रहे आढ़ती ने यह सब देखा और लड़कों को ललकारा, जिसके बाद वे स्कॉर्पियो से फरार हो गए।
शाहिद खां छात्र को अपनी आढ़त पर ले गए और पीड़ित पिता को बुलवाया। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर नामजद पिता, उसके चार बेटों और एक अन्य साथी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि इस मामले की जानकारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।