रामपुर। बिना अनुमति के मुख्यालय से बाहर रहने वाले अधिकारियों पर शिकंजा कसते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने निर्देश जारी किए हैं कि यदि अधिकारी बिना अनुमति के मुख्यालय से बाहर जाते हैं तो उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली के अंतर्गत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी द्वारा अधिकारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए समय-समय पर सख्त निर्देश जारी किए जाते रहे हैं। बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर वेतन की कटौती और वेतन बाधित करने सहित अन्य कार्रवाईयां भी हो रही हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं कि बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़ने वाले अधिकारियों के साथ साथ ऐसे अधिकारी जो आसपास के जनपदों से प्रतिदिन आवागमन करते हैं उनके विरुद्ध भी कार्रवाई होगी। जो जिला स्तरीय अधिकारी मंडलीय अधिकारियों से अवकाश स्वीकृत कराते हैं, उन्हें भी अब मुख्यालय छोड़ने की अनुमति जिलाधिकारी से लेनी होगी।