स्वार (रामपुर)। मतदान केंद्रों का जायजा लेने पहुंचे विशेष प्रेक्षक ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में शारीरिक दूरी नहीं होने पर नाराजगी जताई। इसके बाद लाइन में लगे लोगों को दो गज की दूरी का पालन कराया गया। प्रेक्षक ने कर्मियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
मतदान के मद्देनजर पूरे दिन सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां बूथों की ओर घूमती रहीं। बूथों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लग सके, पुलिस कर्मी लोगों को दौड़ाते रहे। इस दौरान विशेष प्रेक्षक ने स्वार के बूथों पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। वह राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में पहुंचे जहां पर लाइन में लगे लोगों द्वारा सोशल डिस्टेंसिग का पालन नहीं किया जा रहा था। इसको लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने के मौजूद अधिकारियों को निर्देश देने के साथ ही आवश्यक निर्देश भी दिए। संवाद