हाईवे पर धूमधाम से श्री बाला जी महाराज की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल झांकियों ने मन मोहा। इस दौरान जनसैलाब उमड़ा और पवन पुत्र हनुमान के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा। लोगों ने पुष्पवर्षा करके शोभायात्रा का स्वागत किया।
नगर में हाईवे स्थित मंडी समिति से श्री बाला जी दरबार समिति की ओर से श्री बाला जी महाराज की 32 वीं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। सबसे आगे घुड़सवार हाथ में पताकाएं और तलवार लिए चल रहे थे। शोभायात्रा मंडी समिति से चलकर गुरुद्वारे के सामने पहुंची। जहां नगर प्रवेश के दौरान महंत सुरेंद्र कुमार मिश्र ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। शोभायात्रा में घुड़सवारों के पीछे श्री गणेश जी महाराज की झांकी थी और प्रसाद वितरण हो रहा था।
अखाड़ा टीम करतब दिखाते चल रही थी। इनके पीछे श्री वीर हनुमान, खड़वाल बजाते हुए हनुमान जी, भगवान शंकर की प्रार्थना करते भागीरथ, महिषासुर मर्दनी मां की प्रतिमा, खाटू श्याम जी, श्रीविष्णुभगवान, फूलों के राधा-कृष्ण समेत तमाम भव्य झांकियां थीं। शोभायात्रा में शिव सती, रास-मंडल, राजस्थान धूमर की बोलती झांकियां लोगों का मन मोहती हुई चल रही थीं।
शोभायात्रा में बैंडबाजे की धुन एवं आतिशबाजी आसमान में अपनी छाप छोड़ रही थी। शोभायात्रा में गाजियाबाद, हापुड़, बरेली, रुद्रपुर समेत कई जगहों से आए भक्तजन बाबा का गुणगान करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा कल्याण मंडप पहुंचकर संपन्न हो गई।
शोभायात्रा में उप महंत अभिषेक मिश्रा, समिति के अध्यक्ष संजीव सक्सेना, राजीव सक्सेना कड़क, अवधेश सक्सेना, आदेश शंखधार, प्रदीप रस्तोगी, वीर पाल यादव, अशोक बजरंगी, राजेश मिश्रा, भूपेंद्र रुहेला, सुरेंद्र गंगवार, सुशील गुप्ता, सजीव गंगवार, अनेश अग्रवाल, राहुल गंगवार, राजीव गुप्ता, प्रताप सक्सेना, संजय रस्तोगी, अनूप मिश्र, हिमांशु सक्सेना आदि लोग मौजूद रहे।