रामपुर। शत्रु संपत्ति कब्जाने के आरोप में दर्ज मुकदमे में सांसद आजम खां, विधायक तजीन फात्मा और उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम की जमानत पर अब छह जून सुनवाई होगी। तीनों की जमानत अर्जी पर बुधवार को एमपी/एमएलए कोर्ट में सुनवाई होनी थी। आजम खां के वकीलों द्वारा समय मांगे जाने की वजह से इस मामले में अगली सुनवाई की तिथि छह जून की तिथि तय की गई है।
शत्रु संपत्ति की जमीन पर कब्जा कर उसे जौहर यूनिवर्सिटी के परिसर में शामिल करने के आरोप में सांसद आजम खां, विधायक तजीन फात्मा और उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम के खिलाफ अजीमनगर थाना में मुकदमा दर्ज है। सांसद इन दिनों अपनी पत्नी और बेटे सहित सीतापुर की जेल में बंद हैं। उनके वकीलों ने इस मामले में तीनों की जमानत अर्जी लगाई थी, जिसमें बुधवार को सुनवाई थी। सहायक शासकीय अधिवक्ता अमित सक्सेना ने बताया कि आजम खां के वकीलों द्वारा समय मांगे जाने के कारण सुनवाई की अगली तारीख छह जून निर्धारित की गई है।