रामपुर। जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमण से एक महिला समेत छह लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। इनमें तीन बिलासपुर क्षेत्र और तीन नगर क्षेत्र से संबंधित हैं। इसके साथ ही शनिवार को 69 नए मामलों की पुष्टि की गई है। जबकि शनिवार को 204 लोगों ने आइसोलेशन की अवधि पूरी की है। इसके बाद जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 1092 रह गई है।
कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भले ही जिले में नए संक्रमितों की संख्या में कमी हो रही हो, लेकिन इसके बावजूद रोजाना कुछ संक्रमित जिंदगी की जंग हार रहे हैं। शनिवार को नगर क्षेत्र में एक पचास वर्षीय व्यक्ति, एक 70 वर्षीय बुजुर्ग और एक 60 वर्षीय संक्रमित महिला की भी मौत हो गई है।
इसके साथ ही बिलासपुर क्षेत्र के एक 62 वर्षीय बुजुर्ग, एक खजुरिया क्षेत्र में 62 वर्षीय बुजुर्ग और बिलासपुर क्षेत्र में एक 58 वर्षीय संक्रमित पुरुष की भी कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में 69 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि की गई है।
इनमें आरटी-पीसीआर जांच में 55 संक्रमित, एंटीजन जांच में 10 संक्रमित, निजी लैब में तीन संक्रमित और ट्रूनेट मशीन की जांच में एक संक्रमित मिला है। इसके साथ ही शनिवार को 204 लोगों ने आइसोलेशन की अवधि सकुशल पूरी कर ली है, जबकि दो मौत जिला अस्पताल द्वारा पोर्टल पर भी अपलोड की गई हैं। शनिवार को सक्रिय मामलों की संख्या 1092 रह गई है। जिले में अब तक 11035 संक्रमितों की पुष्टि की जा चुकी है।