रामपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में शासन के निर्देशानुसार चलाए गए दस्तक अभियान की सफलता के बाद अब शहर में भी दस्तक अभियान शुरू किया जाएगा।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ के निर्देशानुसार रामपुर शहर में कोरोना वायरस के संक्रमण से मिलते जुलते लक्षणों वाली समस्याओं से पीड़ित लोगों को आशा एवं आंगनबाड़ी वर्करों की टीमों द्वारा चिह्नित करने की कार्यवाही सोमवार से शुरू कर दी जाएगी। इसके तहत विभिन्न लक्षणों वाले लोगों को मेडिकल किट की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने टीम-9 के अंतर्गत वर्चुअल कान्फ्रेंस के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शहर में सोमवार से चलाए जाने वाले दस्तक अभियान की तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि रामपुर शहर की मलिन बस्तियों में स्थित 16050 घरों में सोमवार से दस्तक अभियान शुरू कराया जाएगा। इस दौरान टेस्टिंग टीमों के माध्यम से कोरोना संक्रमण के संदिग्ध मरीजों की जांच की जाएगी तथा उन्हें आवश्यकता अनुरूप होम क्वारंटाइन अथवा कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कराने की कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे गांव जहां ज्यादा संख्या में लोगों के बीमार होने के मामले सामने आते हैं, वहां त्वरित रूप से स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रियता पूर्वक जांच करने एवं मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की दिशा में कार्य करें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने जिला चिकित्सालय में संक्रमण के दृष्टिगत विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं बढ़ाने के संबंध में भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी से बातचीत की तथा कहा कि भविष्य में यदि कोविड-19 संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी होती है, तो मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य उपचार की सेवाएं मुहैया हो सकें, इसके लिए जरूरी जांच उपकरण एवं अन्य सुविधाओं के बारे में भी तैयारियां होनी चाहिए। साफ सफाई के संबंध में जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय निकायों में नियमित रूप से सैनिटाइजेशन, फॉगिंग व साफ-सफाई का कार्य चलता रहे।