रामपुर। लोकसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन भी किसी बड़े राजनीतिक दल की ओर से नामांकन पत्र नहीं खरीदा गया। हालांकि, तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है। तीनों ही निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। इस दौरान कलक्ट्रेट की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बेैरिकेडिंग रही। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स तैनात रही।
लोकसभा उपचुनाव के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरूहो गई। इसके लिए कलक्ट्रेट और कलक्ट्रेट की तरफ जाने वाले सभी मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मार्गों पर बैरिकेडिंग से लेकर पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। दूसरे दिन यानी मंगलवार को तीन नामांकन पत्रों बिक्री हुई। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में फरहत अली खां, शिव प्रसाद और सुलेमान मोहम्मद अली खां के नाम से ताईक खां ने नामांकन पत्र खरीदे। हालांकि, दूसरे दिन भी किसी बड़े राजनीतिक दल की ओर से नामांकन पत्र नहीं खरीदा जा सका है। अब भी लोगों को भाजपा, कांग्रेस और सपा से प्रत्याशियों के नामों का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि आगामी कुछ दिनों में प्रत्याशियों के नामों का एलान हो सकता है।