बिलासपुर (रामपुर)। एसडीम के आदेश पर राजस्व विभाग ने पुलिस की मौजूदगी में पजैया गांव के खाद के गड्ढों पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाई गई दीवार को शुक्रवार की शाम जेसीबी के जरिए गिरा दिया है। एसडीएम ने चेतावनी दी है कि अगर खाद के गड्ढों पर दोबारा अतिक्रमण किया गया तो अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि ग्राम पजैया के लोगों ने शिकायत की थी कि गांव में गाटा संख्या 176 की भूमि खाद के गड्ढों के रूप में दर्ज है। ग्रामीणों का आरोप था कि इन खाद के गड्ढों को पाटकर एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से दीवार बना दी गई है। जिसकी वजह से खाद के गड्ढों पर अवैध रूप से कब्जा हो गया है। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तहसीलदार से मामले की जांच कराई थी। एसडीएम का कहना है की जांच के दौरान ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए थे। नायब तहसीलदार राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस की एक टीम गठित की। शुक्रवार की शाम नायब तहसीलदार केमरी पुलिस व राजस्वकर्मियों के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी के जरिए दीवार को गिरवाकर खाद के गड्ढों को अवैध कब्जे से मुक्त करा दिया। एसडीएम ने बताया कि अवैध दीवार गिरवा दी गई है और गड्ढों को कब्जामुक्त कर दिया गया है।