मसवासी। बुधवार को एसडीएम ने उप कृषि निदेशक के साथ नगर के खाद विक्रेताओं की दुकानों पर छापा मारा। अधिकारियों की कार्रवाई से खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। दुकानदार तेजी से दुकानों से शटर गिराकर भाग खड़े हुए। फिर भी अधिकारियों ने एक दुकान से खाद के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
बुधवार को एसडीएम सचिन राजपूत ने उप कृषि निदेशक अशोक कुमार यादव के साथ नगर में छापा मारा। अधिकारियों के आने की सूचना मिलते ही खाद बीज की दुकानों के शटर गिरने लगे। फिर भी अधिकारियों ने एक दुकान पर जांच की। इस दौरान दुकान से खाद के नमूने लिए गए। उप कृषि निदेशक अशोक कुमार यादव ने बताया की नगर में एक दुकान से खाद का नमूना लेकर जांच को भेजा जा रहा है। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।