मसवासी/स्वार (रामपुर)। जंगल से भटक कर आए चीतल पर कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए चीतल ने तालाब में छलांग लगा दी लेकिन वह डूबने लगा। इसी दौरान गांव के एक युवक की नजर डूबते चीतल पर पड़ गई। उसकी जान बचाने के लिए युवक भी तालाब में कूद गया। मशक्कत के बाद चीतल को जिंदा बाहर निकाल लाया। बाद में चीतल वन विभाग के हवाले कर दिया गया।
उत्तराखंड सीमा से सटे शिकारपुर और आसपास के क्षेत्र में गन्ने की फसल कटने के बाद जंगल के पशुओं को अपनी जान का खतरा बढ़ गया है। जंगल से भटके चीतल पर आवारा कुत्तों की नजर पड़ी तो उसके ऊपर हमला कर दिया। घायल अवस्था में अपनी जान बचाने के प्रयास में चीतल ने गांव के एक तालाब में छलांग लगा दी। कुत्ते तो उसे छोड़ कर वापस जंगल में चले गए लेकिन घायल चीतल तालाब में जिंदगी के लिए संघर्ष करने लगा। इसी दौरान गांव के 24 वर्षीय फरमान पुत्र नन्हें से तालाब में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद वह जख्मी चीतल को बाहर निकालने में सफल हो गया। इसके बाद उसने वन विभाग को चीतल के बारे में सूचना दी। वनकर्मी भोले खां समेत कई वन कर्मी वहां आए और चीतल को जंगल ले गए। वन रेंजर मुजाहिद हुसैन ने बताया कि घायल चीतल को इलाज के लिए पशु चिकित्सक के पास ले जाया गया है।