रामपुर। बारिश और बाढ़ से बदहाल हुईं जिले की 17 सड़कों की अब मरम्मत कराई जाएगी। इसके लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। इसमें करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन से मंजूरी मिलते ही इन सड़कों की मरम्मत एवं पुर्ननिर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। जिसके बाद लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
अक्तूबर में आई बारिश और बाढ़ ने रामपुर में बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी। न सिर्फ किसानों की धान, उड़द, गन्ना, सब्जियों की फसलें बर्बाद हुई थीं, बल्कि पानी के तेज को सड़कें भी नहीं झेल सकीं। बंध के बंध टूट गए, तो तमाम सड़कों के ऊपर से नदी का पानी बह रहा था। लिहाजा, नतीजा यह रहा कि सिर्फ लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड की ही तमाम सड़कें कट गईं। हालांकि, विभाग की ओर से इन सड़कों पर वाहनों का आवागमन तो शुरू करा दिया, लेकिन मरम्मत कार्य व पुनर्निर्माण में अभी वक्त लगेगा। ऐसे में विभाग की ओर से सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण 17 सड़कों के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे गए हैं। इन सड़कों की मरम्मत एवं पुर्ननिर्माण में 3.65 करोड़ रुपये की लागत आएगी। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही विभाग की ओर से काम शुरू करा दिया जाएगा।
-बारिश और बाढ़ ने सड़कों को बहुत नुकसान पहुंचाया है। हमारे खंड में ही तमाम सड़कें कट गई हैं। 17 सड़कें तो ऐसी चिन्हित की गई हैं, जो अत्यधिक महत्वपूर्ण हैं। लिहाजा, इन सड़कों के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिए गए हैं। शासन से प्रस्तावों को मंजूरी मिलते ही सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
-हेमंत कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड, रामपुर।