मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का रामपुर में एतिहासिक ढंग से स्वागत किया जाएगा। स्कूली बच्चे इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये सीएम का स्वागत करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। अंबेडकर पार्क से स्टेडियम तक रोड-शो करने की भी तैयारी है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 26 नवंबर को रामपुर आएंगे। वह यहां करीब दो अरब की परियोजनाओं का शुभारंभ करने आ रहे हैं। वह छात्रों को लैपटाप भी बांटेंगे। साथ ही श्रमिकों को साइकिल भी बांटेंगे। अखिलेश यहां गांधी समाधि, गांधी माल, झील व फ्लाई ओवर का लोकार्पण करेंगे। 26 नवंबर को वह पूर्वाह्न 11 बजे रामपुर आएंगे। यहां उनका अंबेडकर पार्क पर जोरदार स्वागत किया जाएगा।
विज्ञापन
अंबेडकर पार्क से स्टेडियम तक और फिर झील तक रोड शो कराने की भी तैयारी की जा रही है। यूनिवर्सिटी तक उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। अखिलेश के आगमन के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।
जोरदार ढंग से होने वाले स्वागत के लिए स्कूली बच्चों को लगाया गया है। स्वागत द्वार भी बनाए जा रहे हैं। जौहर रोड को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। डिवाइडर की रंगाई पुताई का काम जोर शोर ढंग से किया जा रहा है। मुलायम सिंह यादव के दो साल पहले रामपुर में मने बर्थ डे के दौरान हुए स्वागत समारोह की तर्ज पर ही इस बार अखिलेश का स्वागत किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासनिक अमले ने रणनीति तैयार कर ली है।