नैनीताल बाईपास पर चर्बी से भरे टैंकर और सीमेंट लदे ट्रक की आमने सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। सीमेंट लदा ट्रक नहर में गिरकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि टैंकर सड़क पर पलट गया और ढक्कन खुलने से चर्बी सड़क पर फैल गई, जिसमें कई वाहन और बाइकें फिसल गईं। हादसे में कुल 12 लोग घायल हो गए। आसपास के लोग व पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। क्रेन की सहायता से टैंकर को हटवाया।
केमरी थाना क्षेत्र निवासी सलीम अपने साथी जफर व हेल्पर के साथ मंगलवार अल सुबह को दस टायरा ट्रक में अलीगढ़ से सीमेंट लेकर रुद्रपुर जा रहा था। बताते हैं कि वह कुछ देर के लिए अपने घर गया और वहां से ट्रक लेकर चला था। जबकि दूसरी ओर से दिल्ली के शाहदरा निवासी विनोद अलीगढ़ से टैंकर में चर्बी लेकर रुद्रपुर जा रहा था।
नैनीताल बाईपास पर टैंकर की गति तेज होने के कारण उसने सीमेंट के ट्रक को टक्कर मार दी। हादसा इतना बड़ा था कि सीमेंट से भरा ट्रक पास में ही जाकर एक नहर में गिरकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि टैंकर सड़क पर पलट गया। जिससे चर्बी सड़क पर फैल गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुुुंच गए। किसी तरह से ट्रक के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।
जानकारी पर पुलिस भी वहां पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चर्बी रोड पर फैलने के कारण वहां से निकलने वाले बाइक सवार शकील व आरिफ फिसलने से बुरी तरह से घायल हो गए। जबकि एक पिकअप पशु लेकर खौद की ओर जा रहा था। वो भी फिसलने से एक गहरे गड्ढे में जा गिरी। जबकि एक डीसीएम फिसलने के कारण एक खड़े ट्रक में जाकर घुस गई। हादसों में 12 लोग घायल हो गए। दोपहर बाद तक दोनों को वाहनों को क्रेन से हटाया जा सका।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी गणेश दत्त जोशी ने बताया कि केमरी रोड पर एक सीमेंट व चर्बी से भरे टैंकर में हादसा हो जाने के बाद चालक घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चर्बी के बारे में जानकारी कराई जा रही है, कि इसका लाइसेंस है या अवैध तरीके से लाई जा रही थी। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।