टांडा (रामपुर)। तहसीलदार टांडा की रिपोर्ट के आधार पर ग्राम दढियाल एहतमाली में अवैध बालू खनन का मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने खनन अधिकारी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रिपोर्ट के अनुसार गाटा संख्या 96 मौ उमर खां के नाम दर्ज है। उनकी सहमति से शहीद उर्फ नन्हे निवासी दढियाल एहतमाली द्वारा लगभग 200 घनमीटर बालू का अवैध खनन कराया गया। इसी प्रकार गाटा संख्या 60 दयावती और हमशीरन के नाम दर्ज है। इनकी सहमति से 64 घनमीटर बालू का अवैध खनन किया गया।गाटा संख्या 59 गोलवती के नाम दर्ज है। उनकी सहमति से 160 घनमीटर बालू का अवैध खनन हुआ। तहसीलदार की रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि यह खनन रात के समय किया गया और स्थलीय निरीक्षण में इसकी पुष्टि हुई। खनन अधिकारी अमित रंजन ने बताया कि अवैध खनन से राजस्व एवं पर्यावरण को क्षति पहुंची है। इसी लिए रिपोर्ट कराई गई है। संवाद