मेड़ के विवाद में घायल वृद्ध की उपचार के दौरान मौत होने पर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने नैनीताल हाईवे पर जाम लगाकर करीब ढाई घंटे तक हंगामा किया। हाईवे जाम की सूचना पर सीओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। वृद्ध के बेटे की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मनकरा चौकी प्रभारी और दो सिपाहियों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की है। इधर, हाईवे जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई जिससे वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
मामला भोट थाना क्षेत्र के ग्राम खूंटाखेड़ा का है। 28 नवंबर को गांव के निहाल सिंह सागर (60) और छोटे लाल के बीच मेड़ को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई थी। आरोप है कि भोट थाने की मनकरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले आई थी।
पुलिस ने छोटे लाल की तरफ से निहाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। आरोप है कि चौकी प्रभारी ऋषिपाल सिंह और सिपाही दुष्यंत कुमार आदि ने दूसरे पक्ष से साठगांठ कर निहाल सिंह को जमकर पीटा। बेहोशी की हालत में उन्हें हाईवे किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। जानकारी पर परिजनों ने वृद्ध को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार की अपराह्न करीब एक बजे उपचार के दौरान निहाल सिंह की मौत हो गई। इस पर परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। चौकी के सामने नैनीताल हाईवे पर शव को रखकर जाम लगा दिया।
जाम लगाने वालों ने पुलिस के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने, दोषी कर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की। ढाई बजे जाम लगने की सूचना पर सीओ स्वार राधेश्याम मौके पर पहुंचे और पीड़ित पक्ष से बात की। सीओ के आश्वासन पर शाम पांच बजे जाम खोला। मृतक के बेटे अमरजीत सिंह की तरफ से पुलिस ने चौकी प्रभारी समेत तीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस दौरान जाम में फंसे लोगों का ढाई घंटे तक बुरा हाल रहा।