रामपुर। जिले के करीब 18 हजार से अधिक किसानों के लिए राहत भरी खबर है। बैंकों के विलयीकरण के कारण बाधित हुई इन किसानों की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त जारी हो गई हैं। इसके लिए बैंक विलयीकरण के बाद किसानों के बैंक खाते की डिटेल में हुए बदलाव को अपडेट किया गया था।
जुलाई माह के अंत में जिले में करीब 260258 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किस्त जारी की गई है। योजना के तहत साल में तीन बार किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता भेजी जाती है लेकिन, साल 2019 से शुरू हुई बैंकों के विलयीकरण की प्रक्रिया के बाद कई किसानों के बैंक खाते की डिटेल बदल गई। ऐसे में पोर्टल पर किसानों की पुरानी बैंक डिटेल होने के कारण इन किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत मिलने वाली धनराशि नहीं मिल पा रही थी। जिले में ऐसे किसान करीब 18833 थे, जिनकी किस्त बैंक खाते में नहीं आ रही थी। लेकिन, अब इन किसानों की समस्या हल हो गई है। विभाग ने इन किसानों की बैंक विलयीकरण के बाद अपडेट हुई डिटेल पोर्टल पर अपलोड करने के बाद रूकी हुई किस्तों के साथ ही इस साल की दूसरी किस्त भी जारी कर दी है। फंसी हुई किस्तों के जारी होने के बाद करीब 18833 किसानों के खाते में पांच से छह किस्तों का भुगतान एक साथ आया है।