रामपुर। जिले में एक अप्रैल से गेहूं क्रय सत्र की शुरुआत होगी। इसके लिए किसानों के पंजीकरण शुरू हो गए हैं। जिले के 93 क्रय केंद्रों पर पंजीकरण के लिए इस बार किसान को अपना वही बैंक खाता देना होगा, जो आधार से लिंक हो। पंजीकरण ओटीपी पर आधारित रहेगा।
सरकार ने इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रुपये घोषित किया है। सरकारी दर पर गेहूं की खरीदारी करने के लिए जिले में 93 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। ऐसे में क्रय केंद्रों पर गेहूं की बिक्री करने के लिए एक अप्रैल से किसानों के पंजीकरण शुरूहो जाएंगे। 15 जून तक गेहूं खरीद की जाएगी। जिले में बिलासपुर में 22, शाहबाद में 20, मिलक में 18, चमरौआ, सैदनगर और स्वार में नौ-नौ और टांडा के छह केंद्र शामिल हैं। सारे केंद्र सरकारी भवनों में स्थापित किए गए हैं। खरीद में गड़बड़ी रोकने के लिए बिचौलियों को केंद्रों से दूर रखा जाएगा। जमीन का गलत ब्योरा दर्शाकर पंजीकरण कराने और अपने नाम बिचौलियों का गेहूं तौलवाने वालों के खिलाफ रिपोर्ट कराई जाएगी। इसके लिए अचानक केंद्रों छापे भी मारे जाएंगे।