रामपुर। जिलाधिकारी के आदेश के बाद रामपुर विकास प्राधिकरण ने नैनीताल हाईवे पर बमनपुरी स्थित शहीद-ए-आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम को जाने वाले मार्ग पर बने गेट को ध्वस्त कर दिया है। यह गेट काफी समय से जर्जर अवस्था में था और लोगों की जानमाल के लिए खतरा बना हुआ था। अब यहां नए गेट का निर्माण किया जाएगा, जिस पर करीब पांच लाख रुपये की लागत आएगी।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के क्षेत्रीय सेवा प्रमुख फैसल मुमताज ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में लिखा था कि नैनीताल हाईवे पर स्थित बमनपुरी स्थित शहीद-ए-आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम के बाहर गेट बना हुआ है। जो काफी समय से जर्जर अवस्था में है। ऐसे में गेट किसी भी समय गिर सकता है और बड़े हादसे को दावत दे सकता है। हाइवे पर सुबह से शाम तक जिले के बड़े अधिकारी, स्कूली बच्चे सहित हजारों की संख्या में लोगों का गुजरना होता है। गेट से थोड़ी दूरी पर कई रिहायशी मकान हैं। जिसमें कई परिवार रहते हैं। और वो सभी इसी गेट से होकर गुजरते हैं। स्कूली छुट्टी के कारण इन दिनों विभिन्न प्रदेशों से हजारों की संख्या में टूरिस्ट भी इसी हाइवे से गुजर कर मशहूर पर्यटक स्थल नैनीताल जाते हैं। ऐसे में अगर गेट ध्वस्त नहीं किया जाता है, तो जानमाल को बड़ा नुकसान हो सकता है।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गेट को ध्वस्त करने के आदेश दे दिए। जिसके बाद आरडीए की टीम ने गेट का ध्वस्तीकरण करा दिया। आरडीए के अवर अभियंता अयोध्या प्रसाद ने बताया कि अब यहां नए गेट का निर्माण होगा। जिस करीब पांच लाख रुपये की लागत आएगी।