रामपुर। भारतीय किसान यूनियन अन्नदाता ने अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रपति से अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग की।
शनिवार को संगठन से जुड़े किसान कलक्ट्रेट में एकत्र हुए। उन्होंने अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष उस्मान अली पाशा ने कहा सरकार युवाओं और किसानों को बर्बाद करने पर तुली है। देश को आंदोलन की आग में झोंक रही है। अग्निपथ योजना देश की सुरक्षा के लिए घातक है। अग्निपथ योजना में केवल चार साल के लिए अग्निवीरों की भर्ती का प्रावधान है। उसके बाद इन युवाओं के भविष्य की कोई गारंटी नहीं है। ज्ञापन में अग्निपथ योजना को वापस लेने के बाद ही फौज में भर्ती शुरु करने की मांग की गई है। प्रदर्शन कर ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष लालाराम गंगवार, मुशाहिद हुसैन, दानिश खां, महिपाल सिंह गंगवार, मुसर्रत अली, उजमा खान, अनवर अली, फरदीन खां, कुलदीप कुमार, उमेश कुमार, रागीब खां, तौकीर रजा, अफजाल खां, विजेंद्र कुमार, कांता प्रसाद आदि मौजूद रहे।