बिलासपुर-स्वार मार्ग पर अंडीखेड़ा गांव के मोड़ पर बाइक खराब ट्रक में जा घुसी। इसमें बाइक सवार युवक राजा (22) की मौके पर ही मौत हो गई। उसका दोस्त मुनाजिर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजन के बीच पोस्टमार्टम कराने को लेकर तकरार हो गई।
हमीरपुर गांव निवासी किसान हसीन खां के तीन लड़के और चार बेटियां हैं, जिसमे राजा दूसरे नंबर का था। वह फर्नीचर का काम सीख कर कानपुर में काम करने चला गया। फुफेरे भाई की शादी में शिरकत के लिए वह तीन दिन पहले ही घर आया था।
अपने समेत बहन-भाइयों की शादी की तैयारियां कीं। सोमवार को मढ़ा था। आज मंगलवार को बरात जानी थी। शाम को राजा हादसे का शिकार हुआ और जान चली गई। इस तरह फुफेरे भाई की शादी की हसरत अधूरी रह गई। शादी का जश्न मातम में तब्दील हो गया।