रामपुर। कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रामपुर पुलिस को अत्याधुनिक वज्र वाहन (एंटी रायट व्हीकल) उपलब्ध कराया गया है। इस वाहन की तैनाती से दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षमता मजबूत होगी।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि बदलती परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को आधुनिक संसाधनों और तकनीकी उपकरणों से लैस करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पुलिस को यह हाईटेक वज्र वाहन उपलब्ध कराया गया है। यह वाहन उपद्रव, हिंसक प्रदर्शन, भीड़ नियंत्रण, धार्मिक आयोजनों, संवेदनशील अवसरों, वीआईपी ड्यूटी तथा प्राकृतिक आपदाओं जैसी परिस्थितियों में पुलिस बल के लिए उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि वज्र वाहन के शामिल होने से पुलिस की परिचालन क्षमता, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली और सुरक्षा संसाधनों में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी। आधुनिक तकनीक से लैस यह वाहन पुलिसकर्मियों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सुरक्षित रहकर प्रभावी कार्रवाई करने में मदद करेगा।
एएसपी ने बताया कि इस वाहन की तैनाती से जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी। किसी भी संवेदनशील स्थिति में पुलिस पहले से अधिक तेजी और बेहतर संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई कर सकेगी। उन्होंने इसे जिले की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।