आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी पूर्व सांसद जयाप्रदा शुक्रवार को कोर्ट नहीं पहुंची। इसके बाद कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए जयाप्रदा के खिलाफ फिर से गैर जमानती वारंट जारी करते उनके जमानतियों को भी नोटिस जारी किया है। अब इस मामले की सुनवाई 24 नवंबर को होगी।
पूर्व सांसद जयाप्रदा के खिलाफ कोर्ट पहले ही गिरफ्तारी वारंट जारी कर चुका है। इसके बाद भी वह कोर्ट में हाजिर नहीं हो रही हैं। इस कारण धारा 313 के तहत उनके बयान दर्ज नहीं हो पा रहे हैं। इससे मुकदमे की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है।
सपा नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खां पर दर्ज पड़ोसी पर हमले के मामले में भी एमपीएमएलए कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। यह मामला गंज थाने में वर्ष 2019 में आजम के पड़ोसी ने हमला करने का मामला दर्ज कराया था। पड़ोसी अबरार ने आजम के साथ ही अब्दुल्ला आजम, भाई शरीफ खां व भतीजे बिलाल खां को भी नामजद किया था। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले में सुनवाई होनी थी,लेकिन पीठासीन अधिकारी के न होने की वजह से सुनवाई नहीं हो सकी। इस मामले की सुनवाई 28 नवंबर को होगी।
सपा नेता आजम खां के खिलाफ यतीमखाना के पांच मामलों में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। कोतवाली में दर्ज पांच मामलों में शुक्रवार को सुनवाई होनी थी,लेकिन पीठासीन अधिकारी के न होने की वजह से सुनवाई नहीं हो सकी। एडीजीसी सीमा राणा ने बताया कि अब इस मामले की सुनवाई 28 नवंबर को होगी।
पूर्व सांसद आजम खां के खिलाफ दर्ज अदालत के आदेशों की अवमानना के मामले में शुक्रवार को वकीलों की हड़ताल के कारण गवाह पेश नहीं हो सका। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 28 नवंबर की तारीख लगा दी है। विशेष लोक अभियोजक मोहन लाल बिश्नोई ने बताया कि आजम खां के खिलाफ दर्ज अदालत के आदेशों की अवमानना के मामले की सुनवाई लघुवाद न्यायाधीश एमपी सिंह की अदालत में की जा रही है।