नेरवा (रोहड़ू़)। तहसील नेरवा की ग्राम पंचायत पौड़िया में कोरोना संक्रमण के तीन नए मामले सामने आए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से संक्रमण के आने के बाद एसडीएम चौपाल नरेंद्र चौहान ने इन गांवों का दौरा किया। इसके बाद तहसील कार्यालय नेरवा में विभागों के साथ बैठक में आगामी रणनीति पर चर्चा की। रविवार को नेरवा की पौड़िया पंचायत के गांव क्यारला और कीमा चंद्रावली में दो-दो और सिलौड़ी में तीन मामले सामने आए हैं।
एसडीएम ने चौपाल में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर करते हुए सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए है। बैठक में नायब तहसीलदार नेरवा अशोक शर्मा, बीएमओ नेरवा डॉ. प्रेम, नोडल अधिकारी चैतन्य भंडारी, सीडीपीओ सुमित्रा कलसाइक, डॉ. अखिल, डॉ. अक्षत और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के डिपो इंचार्ज नंद राम चौहान उपस्थित रहे। एसडीएम चौपाल ने बताया कि जिन क्षेत्रों में कोरोना के मामले आए हैं, वहां पर आने वाले तीन से चार दिन तक कड़ी नजर रखी जाएगी।
प्रभावित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित करने पर इसके बाद निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने ने लोगों से अपील की कि कोरोना के प्रति सावधानी बरते और हर समय मास्क पहनें। वैक्सीनेशन नोडल अधिकारी डॉ. चैतन्य भंडारी ने लोगों से अपील की कि 45 साल से अधिक के सभी लोग वैक्सीन जरूर लगवाएं।