रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के प्रवेशद्वार चोरा में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए प्रबंध किए जाने काफी आवश्यक है। जिले में आए दिन बाहरी राज्यों से मजदूर और पर्यटक पहुंच रहे हैं, जिनकी जांच के लिए कोई प्रबंध नहीं हैं। बुधवार देर रात जिले में 59 लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। यह कामगार झारखंड से आए थे। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन लोगों से लगातार सतर्कता बरतने की अपील की हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि बीते दिनों जिले में कोविड-19 के 386 सैंपल एकत्रित किए गए थे। यह सैंपल जांच के लिए आईजीएमसी शिमला भेजे गए थे। इनकी रिपोर्ट बुधवार देर रात प्राप्त हुई। रिपोर्ट आने के बाद 59 लोग कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
संक्रमितों में 55 कामगार सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के हैं, जबकि 4 लोग स्थानीय हैं। ये सभी मजदूर हाल ही में झारखंड से किन्नौर जिले के शलखर और चांगो में पहुंचे थे। पॉजिटिव सभी मजदूरों को उनके ठहरने के स्थान पर होम आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं अब 54 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने जिले के लोगों से कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।