रामपुर/शाहबाद/स्वार/टांडा/धमोरा। बुधवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई। अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। नगर में एक शोभायात्रा का आयोजन भी किया गया।
पक्का बाग में कई संगठनों की ओर से संयुक्त रूप से शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का दोपहर 12 बजे से पक्का बाग से नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आंबेडकर पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद आंबेडकर पार्क में एक विचार गोष्ठी हुई, जिसमें वक्ताओं ने कार्यक्रम को संबोधित कर डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, संघर्ष, कार्यों पर रोशनी डाली और एकजुटता की अपील की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस स्थित आंबेडकर पार्क पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव और रामपुर के प्रभारी चौधरी असलम मियां ने कहा कि बाबा साहब ने वंचितों को उनके अधिकार दिलाने का काम किया। अखिल भारतीय तुरैहा महासभा के सदस्यों ने भी चौकी हजियानी स्थित कार्यालय पर जयंती मनाते हुए बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
संत शिरोमणि गुरु रविदास उत्थान सेवा समिति के कार्यकर्ता आंबेडकर पार्क पर एकत्र हुए और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद एक गोष्ठी का आयोजन किया। इसके अलावा भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के सदस्यों ने कोसी रोड स्थित मंदिर पर बैठक कर बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं भाजपा के नगराध्यक्ष विवेक रुहेला ने पुराना गंज से निकली शोभायात्रा का कार्यकर्ताओं संग स्वागत किया और झांकियों पर पुष्प वर्षा की। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने भी बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी जयंती मनाई।
धमोरा चौकी में चौकी प्रभारी सुरेन्द्र पाल सिंह सहित सभी पुलिस कर्मियों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा टांडा में रामपुर रोड स्थित कैंप कार्यालय पर बसपा नेता हाजी नूरी सैफी ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण किया। वहीं, नगर पंचायत मसवासी के चेयरमैन हरिओम मौर्य ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, शाहबाद क्षेत्र के सागरपुर गांव में भारत मुक्ति मोर्चा के सदस्यों ने बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही सीएचसी में भी डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती मनाई गई।