ठियोग(रामपुर बुशहर)। ठियोग उपमंडल की चिखड़ सड़क पर बुधवार रात एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि दो बच्चे और पति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।
पुलिस थाना ठियोग से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को दिनेश शर्मा, पत्नी और दो बच्चों के साथ महाशिवरात्रि पर्व मनाने अपने घर चिखड़ आ रहे थे। इसी दौरान घर से 2 किलोमीटर पहले ही कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 9:45 बजे दिनेश ने अपने भाई राकेश को फोन कर सूचित किया था कि वह ठियोग पहुंच गया है और थोड़ी देर में ही परिवार घर पहुंच जाएगा, लेकिन एक घंटे बाद भी दिनेश घर नहीं पहुंचा और सभी के फोन भी बंद आ रहे थे।
इससे परिवार की चिंता बढ़ी और वह पूरे रास्ते उनकी तलाश करने लगे। रात करीब 3 बजे घर से 2 किलोमीटर पहले ही गाड़ी के टायर के निशान दिखाई दिए। इसके बाद लोग खाई की तरफ उतरे तो देखा कार गिरी है। हादसे में दिनेश की पत्नी रुबीना (35) साल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो बच्चों और दिनेश को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया है।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी ठियोग कुलविंद्र सिंह ने बताया कि कार हादसे में महिला की मौत हो गई है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।